जिले में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का आयोजन 26 जून तक
जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नशे के दुष्परिणामों से किया जाएगा जागरूक
उत्तर बस्तर कांकेर, 18 जून 2026/ शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक ‘नशा मुक्त भारत, विकसित भारत की पहचान’ थीम पर नशा मुक्त भारत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना एवं शिक्षित करना है।
कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने अभियान के तहत जिले के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थाओं, नगरीय एवं ग्रामीण निकायों, स्वयंसेवी संगठनों तथा युवाओं की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किया है। साथ ही सामूहिक शपथ, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साइकिल एवं बाइक रैली, योग सत्र, डोर-टू-डोर जनजागरूकता, सोशल मीडिया अभियान तथा अन्य गतिविधियां संचालित करने कहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का समापन कार्यक्रम 26 जून को जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग फॉर वेलनेस कार्यक्रम आयोजित कर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। इस दौरान सभी कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलाई जाएगी।
कलेक्टर ने जिले के सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है। अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी गतिविधियों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में नशा मुक्त भारत अभियान पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितधारकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
