सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा में कोरिया जिले के 20 श्रद्धालु होंगे शामिल

22 जून को रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को दिखाई जाएगी हरी झंडी
22 से 26 जून तक आयोजित होगी पांच दिवसीय सांस्कृतिक यात्रा’
कोरिया 18 जून 2026/ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित होने वाली सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा में कोरिया जिले से 20 विशिष्टजन एवं श्रद्धालु शामिल होंगे। यह पांच दिवसीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक यात्रा 22 जून से 26 जून 2026 तक रायपुर से सोमनाथ (गुजरात) तक विशेष ट्रेन के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
संस्कृति विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार सोमनाथ स्वाभिमान पर्व ‘अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य से 1000 विशिष्टजनों की सहभागिता के साथ सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
यात्रा का शुभारंभ 22 जून 2026 को प्रातः 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री करेंगे तथा प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा के लिए प्रत्येक जिले से 20 विशिष्टजनों का चयन किया जा रहा है। इनमें पद्म विभूषण, पद्मश्री, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार, साहित्यकार, लोक कलाकार तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कोरिया जिले से भी 20 प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा, जो जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के शिवालयों की पावन मिट्टी तथा जिले की पवित्र नदियों के जल कलश के साथ यात्रा में शामिल होंगे। चयनित प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियुक्त दो नोडल अधिकारी भी 22 जून को प्रातः 7 बजे तक रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। यात्रा में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा तथा उनकी जानकारी निर्धारित प्रारूप में संस्कृति विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रा के दौरान 23 एवं 24 जून को सोमनाथ में मंदिर दर्शन, कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे।
25 जून को विशेष ट्रेन सोमनाथ से रायपुर के लिए रवाना होगी तथा 26 जून को दोपहर लगभग 2 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। जिला प्रशासन ने यात्रा में शामिल होने वाले पात्र एवं चयनित प्रतिभागियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक है, जिसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।