तुलसी पत्ता गिरने पर विवाद, मां-बेटी से मारपीट

तीन आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में मामला दर्ज
महासमुंद। ग्राम लखनपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान मां-बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सिंघोड़ा पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को ग्राम लखनपुर निवासी शकुंतला बुड़ेक ने बताया कि उनके परिवार के तीनों भाई एक ही आंगन में अलग-अलग परिवार के साथ निवास करते हैं। भूमिदहन रजस्थला पर्व के बाद 17 जून की सुबह करीब 8.30 बजे वह तुलसी के पत्ते से शुद्धिकरण कर रही थीं। इसी दौरान उनके हाथ से तुलसी का पत्ता छूटकर जमीन पर गिर गया।
आरोप है कि इसे लेकर उनके देवर नकुल बुड़ेक की बेटी तुलसी भोई नाराज हो गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। शोर सुनकर नकुल बुड़ेक और गणेशी बुड़ेक भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी सिंधुसुता को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि तुलसी भोई ने पास में पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।