14 जून को ऑनलाइन योग सत्र में अधिकतम सहभागिता का लक्ष्य

कोरिया 12 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत इस वर्ष श्स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योगश् थीम के साथ देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी विभागों, कार्यालयों एवं संस्थाओं को व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने भी जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है।
पंजीयन के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देना होगा। मिस्ड कॉल के बाद व्हाट्सएप पर प्राप्त लिंक के माध्यम से पंजीयन कर ऑनलाइन योग सत्र में शामिल हुआ जा सकेगा। प्रशासन का लक्ष्य जिले के अधिकतम मोबाइल नंबरों से पंजीयन कराकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इसके साथ ही 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल-2026 प्रारंभ किया गया है, जिसमें विभिन्न विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक उपक्रम एवं सामाजिक संगठन अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकेंगे तथा आयोजन उपरांत विवरण एवं छायाचित्र अपलोड करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ें तथा 14 जून को आयोजित ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।