विकासखंड स्तर पर लगेंगे रोजगार कैंप
कोरिया 11 जून 2026/ जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोरिया के जिला मिशन प्रबंधन इकाई श्बिहानश् द्वारा विकासखंड स्तरीय रोजगार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। सुरक्षा क्षेत्र में नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाले इन कैंपों में इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार 12 जून से 22 जून तक बैकुंठपुर एवं सोनहत विकासखंड के विभिन्न स्थानों पर रोजगार कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जून को जनपद पंचायत सोनहत, 13 जून को जनपद पंचायत बैकुंठपुर, 15 जून को पटना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोड़ी, 16 जून को शासकीय आईटीआई सलका, 18 एवं 19 जून को बैकुंठपुर क्षेत्र में तथा 22 जून को शासकीय आईटीआई कटगोड़ी में रोजगार कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला मिशन प्रबंधन इकाई ‘बिहान‘ ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन रोजगार शिविरों के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित रोजगार कैंपों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। यह पहल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
