खेतों और फार्म हाउसों में बढ़ीं केबल चोरी की घटनाएं, किसान परेशान

लाफिन खुर्द में फार्म हाउस का ताला तोड़कर 70-80 मीटर केबल वायर, पंखा और एग्जॉस्ट फैन ले गए चोर
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में खेतों, बोरवेल परिसरों और फार्म हाउसों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अज्ञात चोर सुनसान स्थानों का फायदा उठाकर केबल वायर, मोटर पंप, सबमर्सिबल उपकरण तथा अन्य विद्युत सामग्री चोरी कर रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के किसानों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के कई गांवों में केबल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। किसानों का कहना है कि बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
लाफिन खुर्द में फार्म हाउस को बनाया निशाना
ताजा मामला ग्राम लाफिन खुर्द का है। यहां किसान रेखराज साहू के फार्म हाउस में 25 मई की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 70 से 80 मीटर केबल वायर चोरी कर लिया। चोर फार्म हाउस के अंदर रखा पंखा और एग्जॉस्ट फैन भी अपने साथ ले गए। घटना की शिकायत किसान ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
बोरवेल से भी केबल चोरी
इसी क्षेत्र में किसान खिलेश कुमार साहू के बोरवेल से भी केबल वायर चोरी होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं और किसानों की मेहनत की कमाई पर लगातार चोट पहुंच रही है।
कई ग्रामीण क्षेत्रों से मिल रहीं शिकायतें
ग्रामीणों के अनुसार केवल कोतवाली थाना क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों में भी केबल वायर, मोटर पंप और सबमर्सिबल उपकरण चोरी होने की शिकायतें मिल रही हैं। किसानों का आरोप है कि संगठित रूप से सक्रिय चोर गिरोह खेतों और बोरवेल परिसरों को निशाना बना रहे हैं।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

इन्हें भी पढ़े