प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जिंदगी

छबील कुमार वर्मा का पक्के मकान का सपना हुआ साकार
बेमेतरा 08 जून 2026/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्राम खेड़ा के निवासी * छबील कुमार वर्मा* का वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना आज साकार हो गया है।
छबील कुमार वर्मा पहले अपने परिवार के साथ कच्चे और जर्जर मकान में निवास करते थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था तथा गर्मी और सर्दी के मौसम में परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के कारण स्वयं का पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था।
इसी दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनका चयन हुआ। योजना के तहत प्राप्त वित्तीय सहायता से उन्होंने अपना सुंदर एवं सुरक्षित पक्का मकान तैयार कराया। आज उनका परिवार नए घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहा है।
श्री वर्मा बताते हैं कि पक्का मकान बनने से उनके परिवार को सुरक्षा और सुविधा दोनों मिली हैं। अब बरसात के मौसम की चिंता नहीं रहती तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है। नए घर ने उनके परिवार में आत्मविश्वास और खुशहाली का संचार किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना ने न केवल उन्हें पक्का घर दिया है, बल्कि सम्मान और सुरक्षित भविष्य का भरोसा भी प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आज हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही है और “हर परिवार का सपना, पक्का घर अपना” के संकल्प को साकार कर रही है। छबील कुमार वर्मा की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि शासन की योजनाएं सही हितग्राहियों तक पहुंचकर उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी ला सकती हैं।

इन्हें भी पढ़े