पैरी नदी पुल पर मरम्मत कार्य पूर्ण, आवागमन सुरक्षित और सुगम
दीर्घकालिक सुधार के लिए 68 लाख 40 हजार रुपये का प्रस्ताव शासन को प्रेषित
यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने लोक निर्माण विभाग की सतत निगरानी जारी
गरियाबंद, 08 जून 2026/ राजिम-परसवानी मार्ग के पैरी नदी स्थित पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का सुधार कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र पूर्ण करा दिया गया है। पुल विगत 21 वर्षों से क्षेत्र के नागरिकों को निर्बाध यातायात सुविधा प्रदान कर रहा है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन इस मार्ग से होता है।
लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि लगभग पांच माह पूर्व भी पुल के क्षतिग्रस्त भाग का आवश्यक सुधार कार्य कराया गया था। लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण पुल के वियरिंग कोट एवं एक्सपेंशन ज्वाइंट के कुछ हिस्सों में पुनः मरम्मत की आवश्यकता महसूस की गई। स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित हिस्से का सुधार कार्य पूर्ण कर दिया गया है। जिससे वर्तमान में आवागमन सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। पुल की दीर्घकालिक मजबूती और संरचनात्मक सुधार के लिए वियरिंग कोट एवं एक्सपेंशन ज्वाइंट की व्यापक मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर शासन को 68 लाख 40 हजार रुपये का प्राक्कलन तैयार कर भेजा गया है। प्रस्ताव की स्वीकृति प्राप्त होते ही विस्तृत मरम्मत कार्य कराया जाएगा। जिससे पुल की उपयोगिता और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा पुल की नियमित निगरानी की जा रही है तथा यातायात की सुगमता एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
