आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर में प्रवेश के लिए बैटरी टेस्ट 17 से 19 जून तक
अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिलेगा निःशुल्क आवास, भोजन और खेल प्रशिक्षण
गरियाबंद, 08 जून 2026/ आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर, गरियाबंद में वर्ष 2026-27 के लिए खिलाड़ी छात्रों के प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। क्रीड़ा परिसर में चयन के लिए बैटरी टेस्ट का आयोजन 17 जून से 19 जून 2026 तक प्रातः 8ः00 बजे से पीएम श्री आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद परिसर में किया जाएगा। प्रवेश के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार छात्र की आयु की गणना 01 जून 2026 की स्थिति में की जाएगी। माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 14 वर्ष तथा उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत विद्यार्थियों को 10-10 अंकों के कुल 10 बैटरी टेस्ट देने होंगे। कुल 100 अंकों की परीक्षा में प्रत्येक टेस्ट में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अंतिम चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। क्रीड़ा परिसर में चयनित खिलाड़ियों को शासन द्वारा निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा खेल गणवेश, ट्रैकसूट, जूते-मोजे सहित अन्य आवश्यक सामग्री वर्ष में एक बार निःशुल्क प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेल सामग्रियां, खेल उपकरण, समाचार पत्र एवं खेल संबंधी साहित्य भी उपलब्ध कराया जाएगा। क्रीड़ा परिसर में वर्तमान में व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी एवं एथलेटिक्स की चार विधाएं संचालित हैं। इसके अतिरिक्त अन्य खेल प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भागीदारी का अवसर प्रदान किया जाता है। प्रत्येक खेल विधा के लिए अनुभवी व्यायाम अनुदेशकों की नियुक्ति शासन द्वारा की गई है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सके।
