प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशासन सजग
निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही कार्रवाई
बेमेतरा 07 जून 2026/- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत खुरूसबोड़ (आर.) निवासी गणेश वर्मा पिता टेकसिंह को वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत किया गया था। हितग्राही के बैंक खाते में प्रथम किश्त की राशि 40 हजार रुपये दिनांक 01 नवंबर 2025 को अंतरित की जा चुकी है। ग्राम पंचायत से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार आवास निर्माण हेतु स्वीकृत स्थल पर अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि निर्माण गतिविधियां स्वीकृत स्थल के स्थान पर अन्य शासकीय भूमि पर संचालित की जा रही हैं। योजना के प्रावधानों के अनुसार आवास निर्माण कार्य स्वीकृत स्थल पर ही किया जाना आवश्यक है।
हितग्राही को ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं समझाइश प्रदान की गई तथा स्वीकृत स्थल पर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त पंचायत द्वारा नियमानुसार लिखित नोटिस भी जारी किए गए। संबंधित तहसीलदार द्वारा भी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।निर्धारित अवधि में स्वीकृत स्थल पर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने के कारण योजना अंतर्गत जारी राशि की वसूली संबंधी प्रकरण नियमानुसार न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा को प्रेषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सुरक्षित एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराना है तथा योजना का लाभ निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रदान किया जाता है। प्रशासन द्वारा की जा रही समस्त कार्रवाई योजना की पारदर्शिता, शासकीय भूमि की सुरक्षा तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से योजना के प्रावधानों का पालन करते हुए स्वीकृत स्थलों पर ही निर्माण कार्य करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार प्राप्त करने की अपील की है।
