घायलों की सहायता के लिए आगे आया जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी

सुशासन कार्यक्रम की दुर्घटना में गंभीर घायलों को मिली आर्थिक सहायता
आयुष्मान योजना से हुआ उपचार, रेडक्रॉस ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
गरियाबंद, 05 जून 2026/ गरियाबंद विकासखंड के ग्राम खरहरी में 27 मई 2026 को आयोजित सुशासन कार्यक्रम के दौरान अचानक बरगद का पेड़ गिरने से घायल हुए 07 लोगों में से 05 का उपचार जिला चिकित्सालय गरियाबंद में किया गया, जबकि 02 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल ग्राम खरहरी निवासी 12 वर्षीय मेसराज सिन्हा पिता होरीलाल सिन्हा का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया। उपचार के दौरान लगभग 35 हजार रुपये का खर्च हुआ, जिसका भुगतान शासन की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया गया। सफल उपचार के बाद मेसराज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है तथा वर्तमान में वह पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर पर है। इसी तरह ग्राम रावनसिंघी निवासी 16 वर्षीय अनुराग साहू पिता ओमप्रकाश साहू को गंभीर स्थिति में मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया था। जहां उनका उपचार जारी है।
मानव सेवा एवं सहायता के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा गरियाबंद द्वारा दोनों गंभीर घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के जिला अध्यक्ष एवं कलेक्टर बी.एस. उइके एवं जिला पंचायत के अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने मेसराज सिन्हा को 16 हजार रुपये तथा अनुराग साहू को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा उपलब्ध कराई गई इस सहायता से पीड़ित परिवारों को उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

इन्हें भी पढ़े