भीषण गर्मी में नगर पालिका की पहल, प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए अस्थायी प्याऊ

जार के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा शुद्ध व ठंडा पेयजल, राहगीरों और मजदूरों को मिलेगी राहत
महासमुंद। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर पालिका महासमुंद ने नागरिकों को राहत देने के लिए नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था शुरू की है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की पहल पर लगाए गए इन प्याऊ केंद्रों में जार के माध्यम से शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने दावा किया कि प्रदेश में यह अपनी तरह की अनूठी पहल है, जिसके तहत नागरिकों को जार आधारित स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राहगीरों, मजदूरों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिल सके। गर्मी के मौसम में सार्वजनिक स्थानों पर नि:शुल्क पेयजल उपलब्ध कराने की परंपरा देश के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से रही है और इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा यह कदम उठाया गया है।
पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पेयजल व्यवस्था की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नगर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिरिक्त अस्थायी प्याऊ स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। नगर पालिका की इस पहल को भीषण गर्मी के दौर में आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़े