पीआईसी बैठक में होगी पुराने निर्णयों की समीक्षा, लंबित मामलों पर मांगा जाएगा जवाब

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रगति प्रतिवेदन के साथ कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा
महासमुंद। नगर पालिका परिषद की आगामी पीआईसी (प्रेसिडेंट इन काउंसिल) बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि बैठक में विभिन्न विषयों पर लिए गए निर्णयों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा तथा यह देखा जाएगा कि कितने निर्णयों पर अमल हुआ है और कितने मामले अब भी लंबित हैं।
अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े निर्णयों की अद्यतन जानकारी एवं प्रगति प्रतिवेदन बैठक में प्रस्तुत करें। जिन मामलों में अब तक कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी है, उनके संबंध में विलंब के कारणों के साथ शीघ्र निराकरण की कार्ययोजना भी प्रस्तुत करनी होगी।
उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पीआईसी एवं परिषद के निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाना है। श्री साहू ने स्पष्ट किया कि परिषद द्वारा लिए गए निर्णयों को समयबद्ध ढंग से लागू करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन की इस पहल से लंबित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा होने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़े