मंदिर में कथा सुनने पहुंची महिला की सोने की चेन पार
प्रसाद लेते समय महिला ने गले से खींची चेन, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
महासमुंद। मां महामाया मंदिर में शिव पुराण कथा सुनने पहुंची एक महिला चेन स्नेचिंग की शिकार हो गईं। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक महिला चोरी करते हुए दिखाई दे रही है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड-16 पुराना रावणभाठा निवासी समारिनबाई साहू 17 मई की शाम करीब 4.30 बजे मां महामाया मंदिर में शिव पुराण कथा सुनने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद जब वह घर पहुंचीं, तब उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी करीब 25 ग्राम सोने की चेन और उसमें लगा 5 ग्राम का लॉकेट गायब है।
इसके बाद उनके पुत्र रामेश्वर साहू ने मंदिर परिसर का सीसीटीवी फुटेज देखा। फुटेज में प्रसाद ग्रहण करने के दौरान शाम करीब 6.50 बजे दो महिलाएं दिखाई दीं, जिनमें से एक महिला समारिनबाई के गले से चेन निकालते नजर आ रही है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
