स्वामित्व योजना के तहत जिले में 1347 अधिकार अभिलेख वितरित

राजनांदगांव 21 मई 2026। जिले में राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्ति अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत जिले के 626 ग्रामों में मैप-02 एवं मैप-03 के आधार पर अधिकार अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 626 ग्रामों के मैप-02 एवं मैप-03 प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 23 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। प्राप्त मैप-02 एवं मैप-03 के आधार पर 80 हजार 42 अधिकार अभिलेख तैयार किए जाने का अनुमान है। इनमें से अब तक 1 हजार 347 अधिकार अभिलेख तैयार कर हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 78 हजार 695 अधिकार अभिलेख तैयार किए जाना शेष है।
तहसीलवार प्रगति के अनुसार राजनांदगांव तहसील में 16 हजार 816 संभावित अधिकार अभिलेखों के विरूद्ध 112 तैयार किए गए हैं। छुरिया तहसील में 10 हजार 667 संभावित अधिकार अभिलेखों में से 882 तैयार कर हितग्राहियों को वितरित किए गए हैं। कुमरदा तहसील में 9 हजार 377 संभावित अधिकार अभिलेखों में से 238 अधिकार अभिलेख तैयार कर वितरित किए गए हैं। वहीं डोंगरगांव तहसील में 16 हजार 944 संभावित अधिकार अभिलेखों में से 115 अधिकार अभिलेख तैयार कर हितग्राहियों को प्रदान किए गए हैं। राजस्व विभाग द्वारा बताया गया कि त्रुटिपूर्ण मैप-02 में संशोधन कार्य प्रक्रियाधीन है। संशोधन कार्य पूर्ण होने के बाद शेष अधिकार अभिलेख तैयार कर हितग्राहियों को वितरित किए जाएंगे। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में निवासरत नागरिकों को संपत्ति का अधिकार अभिलेख मिलने से संपत्ति संबंधी वैधानिक पहचान सुनिश्चित हो रही है तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।