एकता चौक में निर्माण कार्यों की समस्याओं पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी

विधायक ने लिया जायजा, नाली निर्माण व कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
महासमुंद। शहर के एकता चौक क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्यों को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी को आमंत्रित कर बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्यों में हो रही देरी, अधूरी नाली व्यवस्था और बारिश के मौसम में संभावित जलभराव की समस्या को लेकर चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
जानकारी के अनुसार एकता चौक से तुमगांव तक लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण, डिवाइडर एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। व्यापारियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा गुलशन चौक तक ही नई नाली का निर्माण कराया गया है, जबकि एकता चौक तक पुरानी बोल्डर नाली अब भी यथावत बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि सड़क की ऊंचाई बढ़ने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। इसे देखते हुए एकता चौक तक सीसी नाली निर्माण कराने की मांग उठाई गई।
बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं रहवासियों ने निर्माण कार्य की धीमी गति और जगह-जगह खोदे गए गड्ढों को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मानसून नजदीक है, ऐसे में नाली निर्माण और सड़क कार्य जल्द पूरा होना जरूरी है, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मौके पर पहुंचे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अग्रवाल को बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और विभागीय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने ओवरब्रिज से गुलशन चौक तक सीसी नाली निर्माण कराने के साथ ही दुकानों एवं मकानों के सामने आवागमन के लिए स्लैब उपलब्ध कराने को भी कहा।
इसके अलावा विधायक ने बिजली विभाग एवं वन विभाग के समन्वय से सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली पोल और पेड़ों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान कुछ समय असुविधा हो सकती है, लेकिन भविष्य में इसका लाभ लंबे समय तक शहरवासियों को मिलेगा। इस अवसर पर पार्षद माखन पटेल, हफीज कुरैशी, पप्पू ठाकुर, पीयूष साहू, भाजपा नेता राजू चंद्राकर, धर्मेन्द्र महोबिया, हनीष बग्गा, गोविंद ठाकुर, नईम खान, शरद मराठा, दिनेश रूपरेला, गौरव राठी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।