आवेदन के बाद तत्काल बना श्रम कार्ड

सरोज बाई ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
रायपुर, 18 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों और श्रमिकों के लिए त्वरित राहत का माध्यम बन रहे हैं। आरंग विकासखण्ड के ग्राम सिवनी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में श्रीमती सरोज बाई धृतलहरे के आवेदन पर तत्काल श्रम कार्ड बनाया गया।
श्रीमती धृतलहरे ने बताया कि मैं काफी समय से अपना श्रम कार्ड बनवाना चाह रही थी, लेकिन कुछ कारणवश मैं श्रम कार्ड नहीं बनवा पाई। ग्राम पंचायत से मुझे इस शिविर के बारे में पता चला एवं आवेदन करने के पश्चात् मुझे श्रम कार्ड मिल गया। इस श्रम कार्ड से मुझे सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का धन्यवाद करती हूँ।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजः- आयु 14 वर्ष से अधिक। मासिक आय शहरी क्षेत्र में 15,000 रुपये एवं ग्रामीण क्षेत्र में 10,000 रुपये से अधिक न हो। आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति, आय प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र (अंकसूची/मतदाता परिचय पत्र/जन्म प्रमाण-पत्र), स्व-घोषणा पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो। पंजीयन हेतु आवेदक की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य है, लाइव फोटो मौके पर लिया जाता है।

इन्हें भी पढ़े