भाजपा जिला सहकारिता प्रकोष्ठ की पहली बैठक कल
संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और सहकारिता योजनाओं पर होगी चर्चा
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी जिला सहकारिता प्रकोष्ठ महासमुंद की प्रथम बैठक कल 17 मई को दोपहर 2 बजे भाजपा जिला कार्यालय महासमुंद में आयोजित की जाएगी। बैठक को लेकर जिलेभर के सहकारिता प्रकोष्ठ पदाधिकारियों एवं प्राधिकृत अध्यक्षों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सहकारिता क्षेत्र में आगामी कार्ययोजना तैयार करने तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं सहकारिता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पदाधिकारी एवं प्राधिकृत अध्यक्ष शामिल होंगे। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा संगठन की भावी रणनीति तय करने पर भी विशेष मंथन होने की संभावना है। भाजपा जिला सहकारिता प्रकोष्ठ की यह पहली बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के माध्यम से पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों एवं आगामी कार्यों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
