कीर्तन यज्ञ की बैठक में विवाद, युवक पर लोहे के बोल्ट से हमला
चंदा और तालाब में पानी भरने की बात को लेकर हुआ विवाद
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम छांदनपुर में कीर्तन नाम यज्ञ की बैठक के दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम छांदनपुर निवासी महेंद्र कुमार साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 मई की रात करीब 8:30 बजे गांव की बीच गली में गजाधर नायक के घर के सामने कीर्तन नाम यज्ञ के संबंध में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव के पंच, सरपंच एवं अन्य प्रमुख लोग चंदा को लेकर चर्चा कर रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे गांव के मिनीकेतन भोई वहां पहुंचे और तालाब में पानी नहीं भरने की बात कहते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने कीर्तन नाम यज्ञ का खर्च वहन करने की बात कहते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने रूमाल में बांधकर लाए कठोर वस्तु से महेंद्र कुमार साव के सिर पर हमला कर दिया।
पीड़ित द्वारा रूमाल छीनकर देखने पर उसके अंदर लोहे का बोल्ट मिला। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
