बाइक की ठोकर से घायल युवक की मौत, आरोपी चालक पर मामला दर्ज
सांवरा डेरा पानी टंकी के सामने हुआ था हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांवरा डेरा पानी टंकी के सामने हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भाठापारा वार्ड-13 तुमगांव निवासी रमेश कुमार निषाद (35) 24 मार्च की रात बाइक क्रमांक सीजी 06 एचए 6416 से तुमगांव से भोरिंग चौक होते हुए अपने घर लौट रहा था। रात करीब 8:30 बजे सांवरा डेरा पानी टंकी के सामने पीछे से महासमुंद की ओर जा रही बाइक क्रमांक सीजी 06 जीवाई 0488 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए रमेश की बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार निषाद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
