जिला सहकारिता एवं उद्योग विकास समिति की बैठक सम्पन्न

खरीफ सीजन की तैयारियों, धान खरीदी लेखा मिलान और खाद-बीज वितरण व्यवस्था की हुई समीक्षा
महासमुंद। जिला सहकारिता एवं उद्योग विकास समिति की बैठक समिति की सभापति रामदुलारी सिन्हा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सहकारिता, कृषि एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक उद्योग विकास निगम महासमुंद, सहायक खनिज अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी, सहकारिता विस्तार अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अधिकारी, जिले के समस्त शाखा प्रबंधक एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रबंधक उपस्थित रहे।
धान खरीदी और लेखा मिलान कार्य में पारदर्शिता के निर्देश
बैठक के दौरान उपार्जित धान के निराकरण एवं अंतिम लेखा मिलान कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। सभापति श्रीमती रामदुलारी सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को धान खरीदी से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेखा मिलान कार्य में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
खरीफ सीजन की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए खरीफ सीजन की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों से किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को कहा।
खाद-बीज भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद एवं बीज के भंडारण तथा वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग द्वारा फसल अनुरूप खाद के प्रकार एवं निर्धारित मात्रा की जानकारी देते हुए समिति प्रबंधकों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही खाद एवं बीज वितरण करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो।
किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर
बैठक में सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, कृषि आदान की उपलब्धता तथा किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सहकारी संस्थाओं को किसानों के हित में सक्रिय एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करने पर जोर दिया।