घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के बाद वारदात को दिया अंजाम, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला के घर में जबरदस्ती घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। पीड़िता अपने घर में पानी भर रही थी, तभी ग्राम पचरी निवासी सुरेश डोरा पिता राधेश्याम डोरा उसके घर में जबरन घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना पटेवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64/62, 296, 351(3), 127(2), 74, 75(2) एवं 332(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश डोरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
