पानी भरने को लेकर विवाद, युवक से मारपीट
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टैंकर से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस को वार्ड क्रमांक 09 डोंगरीपाली झिलमिला निवासी कैलाश डड़सेना (19) ने बताया कि 12 मई की सुबह करीब 7 बजे वह समारू बाघ एवं शाबिर खान के घर के सामने गली में नगर पालिका के पानी टैंकर से पानी भर रहा था। उसी समय शाबिर खान की पत्नी किरन खान भी पानी भरने पहुंची और ज्यादा पानी भरने की बात को लेकर विवाद करने लगी। विवाद बढ़ने पर आवाज सुनकर शाबिर खान एवं छोटा शाबिर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि किरन खान ने पत्थर से हमला कर कैलाश के सिर पर चोट पहुंचाई। रिपोर्ट के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
