पांच थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश, 216 लीटर से अधिक अवैध महुआ शराब जब्त

जिले में आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायपाली, महासमुंद, बसना, पटेवा और बागबाहरा थाना क्षेत्रों के पांच अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 216.840 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जबकि शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे लगभग 1000 किलो महुआ पास को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हाथ भट्टी निर्मित शराब, उपकरण और कच्चा माल बरामद किया।
सरायपाली क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई
सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत करगीपाली चौकी के ग्राम कनकबीर निवासी मोतीलाल बरिहा (26 वर्ष) के यहां दबिश देकर करीब 200 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त छोटे-बड़े पांच एल्युमिनियम बर्तन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 5 हजार रुपए आंकी गई है। मौके पर रखे आठ ड्रमों में भरे करीब 1000 किलो महुआ पास को अधिकारियों ने नष्ट कर दिया।
अन्य आरोपियों से भी शराब बरामद
इसी थाना क्षेत्र में बैतारी निवासी आकाश साहू (36 वर्ष) के कब्जे से 8.640 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 3840 रुपए बताई गई है।
वहीं बरतियाभाठा निवासी ओमप्रकाश चौहान (20 वर्ष) से 3 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
बागबाहरा क्षेत्र में भी कार्रवाई
बागबाहरा थाना क्षेत्र के कर्रापारा निवासी जीतू ठाकुर (21 वर्ष) के पास बिक्री के लिए रखी गई 1.800 लीटर देशी शराब जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।