48 घंटे में दिखा असर: अंकोरी मार्ग की जर्जर पुलिया की हुई अस्थायी मरम्मत

जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा की पहल पर प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान
महासमुंद। ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया एवं जर्जर सड़क को लेकर उठाई गई आवाज का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद मात्र 48 घंटे के भीतर पुलिया की अस्थायी मरम्मत करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, विगत दिनों प्रकाश सिन्हा ने क्षेत्र का दौरा कर जर्जर सड़क एवं टूटी पुलिया का निरीक्षण किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें आवागमन में हो रही भारी परेशानियों और दुर्घटना की आशंका से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रकाश सिन्हा ने तत्काल जिला कलेक्टर महासमुंद एवं संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपकर पुलिया की मरम्मत, तकनीकी जांच तथा स्थायी समाधान की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया की अस्थायी मरम्मत कर आवागमन को सुचारु कर दिया।
मुख्यमंत्री सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप ने बताया कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल अस्थायी मरम्मत कार्य कराया गया है। साथ ही सड़क के पूर्ण नवीनीकरण एवं नवीन पुलिया निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव एवं डिमांड भेज दी गई है।
इस त्वरित कार्रवाई पर सभापति प्रकाश सिन्हा ने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जनहित के मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थायी समाधान के रूप में नई पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलेगी, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।