जनगणना की जानकारी देने की बात पर विवाद, काउंटर मामला दर्ज
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का लगाया आरोप
महासमुंद। तेंदूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में जनगणना के दौरान जमीन और घर की जानकारी देने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज किया है। पहले पक्ष की ओर से संतकुमारी पति नेत्रकुमार सोनवानी ने शिकायत दर्ज कराई कि 07 मई की रात करीब 8 बजे उनके देवर देवसिंग सोनवानी एवं भतीजा कांतिलाल सोनवानी घर पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, लोहे की खोमड़ी और चूड़ा से मारपीट की। घटना में संतकुमारी के सिर और कंधे में गंभीर चोट आई। झूमाझटकी में उनके कपड़े भी फट गए।
बीच-बचाव करने पहुंचे आवेश सोनवानी के सिर पर भी रॉड से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से करूण उर्फ कांतिलाल सोनवानी (22) ने शिकायत दर्ज कराई कि 07 मई की रात वह खाना खाने के बाद आंगन में बैठा था। इसी दौरान उसके बड़े पिता नेत्रकुमार सोनवानी पहुंचे। उसने पूछा कि जनगणना सर्वे के दौरान उसके हिस्से की जमीन और मकान की जानकारी क्यों दी गई। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और नेत्रकुमार सोनवानी, संतकुमारी सोनवानी, भारती सोनवानी एवं आवेश सोनवानी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आई उसकी बहन लिमेश्वरी के साथ भी मारपीट की गई।
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपी देवसिंग सोनवानी एवं कांतिलाल सोनवानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध कायम किया गया है। वहीं नेत्रकुमार सोनवानी, संतकुमारी सोनवानी, भारती सोनवानी एवं आवेश सोनवानी के खिलाफ भी समान धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
