महिला पर फ्रीव्हील पाना से हमला
पुरानी रंजिश में मारपीट, गंभीर हालत में रायपुर रेफर
महासमुंद। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटकी में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला पर साइकिल के फ्रीव्हील पाना से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को रायपुर रेफर किया गया है।
थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार ग्राम जलगढ़ निवासी रेशमलाल साहू को विजय बारिक ने फोन कर बताया कि कुंती साहू के साथ मारपीट हुई है। सूचना मिलने पर रेशमलाल अपनी पत्नी सुप्रभा साहू के साथ खैरझिटकी पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उनकी दीदी कुंती साहू घर की परछी में घायल अवस्था में पड़ी थीं। उनके सिर और हाथ से खून बह रहा था।
रेशमलाल को उनके जीजा राजकुमार साहू ने बताया कि कुंती साहू घर के सामने सड़क पर खड़ी थीं। इसी दौरान गांव का नूराधन साहू वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश की बात पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने साइकिल के फ्रीव्हील पाना से कुंती साहू के सिर, हाथ, कमर और चेहरे पर हमला कर दिया।
मारपीट होते देख राजकुमार साहू, प्रेमानंद साहू एवं दीपेश साहू ने बीच-बचाव किया। घायल महिला को पहले शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल महासमुंद और बाद में रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने आरोपी नूराधन साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध कायम किया है।
