ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था 226 किलो गांजा, पुलिस ने पकड़ा

1.22 करोड़ की संपत्ति जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सिंघोड़ा पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल सहित कुल 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को लगातार अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के साथ सोर्स एवं डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश मिले हुए हैं।
सिल्की ढाबा के पास नाकाबंदी कर पकड़ा वाहन
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर की एक पिकअप वाहन में ओडिशा की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में नाकाबंदी की गई।
कुछ समय बाद पिकअप वाहन क्रमांक एम एच 16 सीडी 8741 वहां पहुंचा, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) निवासी खेडेगांव बाकी थाना खरडा जिला अहमदनगर महाराष्ट्र बताया। वहीं उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष) निवासी पाटेगांव थाना मेरचगांव जिला अहमदनगर महाराष्ट्र बताया।
खाली कैरेट के पीछे छिपाकर कर रहे थे तस्करी
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पिकअप के डाले में रखे खाली कैरेट के पीछे प्लास्टिक बोरियों में गांजा छिपाकर रखा मिला। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा को ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में खपाने ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही 226.600 किलोग्राम गांजा, एक सफेद रंग की पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
चार महीने में 60 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ 83 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान कुल 6016.121 किलोग्राम यानी 60 क्विंटल 16 किलो गांजा जब्त किया गया है। इन मामलों में कुल 216 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ के तथा 162 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।
जब्त संपत्ति
226.600 किलोग्राम गांजा- कीमत 1,14,30,000 रुपये
पिकअप वाहन – कीमत 8,00,000 रुपये
03 मोबाइल फोन – कीमत 45,000 रुपये
कुल जब्ती – 1,22,75,000 रुपये