भीषण गर्मी में राहत: वार्ड 8 में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने पर पार्षद जरीना कुरैषी सम्मानित
भाजपा के ‘वार्ड चलो अभियान’ के तहत निरीक्षण, 100 परिवारों को मिल रहा सीधा लाभ
महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 8 में विकास कार्यों को गति देने और भीषण गर्मी के दौरान पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए पार्षद जरीना हफीज कुरैषी को भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की।
हाल ही में भाजपा के ‘वार्ड चलो अभियान’ के अंतर्गत पदाधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय अस्पताल के सामने स्थित धाम गली एवं मस्जिद के पीछे स्थापित चार पानी की टंकियों और बोर में मोटर की व्यवस्था का जायजा लिया गया। यह पूरी व्यवस्था पार्षद निधि से कराई गई है, जिससे करीब 100 परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने की इस पहल को भाजपा संगठन ने सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने पार्षद जरीना कुरैषी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के चलते वार्ड की जनता संतुष्ट है। उन्होंने बताया कि नाली सफाई, प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देकर पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर रही हैं। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतपाल सिंह पाली ने भी पार्षद के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
