चन्द्रनाहूं शिक्षा समिति का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, राहुल चंद्राकर बने अध्यक्ष
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा रहीं मुख्य अतिथि, शिक्षा, एकता और संस्कार को आगे बढ़ाने का दिया संदेश
महासमुंद। छत्तीसगढ़ चन्द्रनाहूं शिक्षा समिति, द्वारा नव-नियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन सोमवार को शांत्रीबाई महाविद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता केशव नायककरम चंद्राकर (अध्यक्ष, च.कु.क्ष. समाज, रायपुर राज) ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत प्रस्तुत किया गया। समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। साथ ही अन्य अतिथियों का भी स्वागत किया गया।
समारोह में आलोक चंद्राकर (उपाध्यक्ष, जीव-जंतु कल्याण बोर्ड), पूनम चंद्राकर (पूर्व राज्य मंत्री), देवेंद्र चंद्राकर (अध्यक्ष, श्रीराम जानकी मंदिर ट्रस्ट), महेंद्र चंद्राकर (पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष), राजेंद्र चंद्राकर, वतन चंद्राकर, हिम्मत चंद्राकर, कृष्ण कुमार चंद्राकर सहित समाज के कई वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल चंद्राकर को अध्यक्ष, कमलेश चंद्राकर को सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा कार्यकारिणी में चंद्रपाल (चंदू), द्रोण, केशव, तारिणी, हर्षित, धर्मराज, निधि, धर्मचंद, गौरव, चंद्रमणी, दयालु, सुरेखा, वीरेंद्र, जब्बर, देवेंद्र, प्रज्ञा, निखिल नुकेश चंद्राकर सहित अन्य सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
मुख्य अतिथि का संदेश
मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर केवल पद ग्रहण करने का नहीं, बल्कि सेवा, जिम्मेदारी और समर्पण का संकल्प लेने का है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे तथा समाज को नई दिशा देंगे।
शिक्षा और एकता पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केशव नायककरम चंद्राकर ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, एकता और संस्कार पर निर्भर करती है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज को सशक्त बनाकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नव निर्वाचित अध्यक्ष का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल चंद्राकर ने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को सेवा और उत्तरदायित्व के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने समाज के विकास, शिक्षा के विस्तार और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में चंद्रदय पब्लिक स्कूल की छात्रा वंशिका चंद्राकर (93%) को प्रथम स्थान तथा जीनिशा चंद्राकर (90.6%) को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में समिति द्वारा मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, अतिथियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम में शिक्षा समिति के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, महाविद्यालय एवं विद्यालय के स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
