अवैध शराब के दो मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी सहित शराब जब्त
एक मामले में महुआ शराब के साथ युवक पकड़ा गया, दूसरे में स्कूटी से हो रहा था अवैध परिवहन
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब के साथ एक स्कूटी भी जब्त की है।
पहले मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोहरडीह जाने वाले कच्चे रास्ते पर बजाज शोरूम के पीछे बेहरा पेड़ के पास एक युवक अवैध शराब बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और संदेही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम छुईपाली निवासी गजेंद्र साव (23) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,000 रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरे मामले में ग्राम पड़कीपाली के पास स्कूटी के जरिए अवैध शराब परिवहन की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। स्कूटी क्रमांक सीजी 06 एचडी 5109 में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम वार्ड क्रमांक 13 बसना निवासी अमित अग्रवाल (40) एवं ग्राम झलमला निवासी रूपेश साहू (27) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 80 पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 6,400 रुपए आंकी गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 25,000 रुपए बताई जा रही है, को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
