7 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह गिरफ्तार

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस ने 12.563 किलो मादक पदार्थ और दो कारें जब्त कीं
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सांकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.563 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तस्कर ओडिशा के कटक से महाराष्ट्र के जालना तक गांजा खपाने की फिराक में थे। इस पूरे नेटवर्क की जानकारी मुखबिर से मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर कार्रवाई की।
एनएच-53 स्थित गुरु घासीदास चौक, सांकरा तिराहा के पास घेराबंदी कर पुलिस टीम ने एक एक्सयूवी वाहन (एमएच 12 जेयू 8769) और उसके आगे चल रही पायलटिंग डिजायर कार (एमएच 24 एएफ 2235) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहनों में गांजा परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों के साथ 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग नेटवर्क संचालन में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के जालना जिले के निवासी मनोज सांगले (24), रोहित भोसले (29), किशन पवार (27) और रंजीत घोलप (27) शामिल हैं। इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।