महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी अभियान तेज, 1.57 लाख हितग्राहियों का सत्यापन पूरा

30 जून तक शेष 1.46 लाख हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा करने का लक्ष्य, गांव-शहर में लगाए जा रहे विशेष शिविर
महासमुंद। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जटवार ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 3 लाख 3 हजार 808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना निर्धारित है।
अब तक 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 1 लाख 46 हजार 449 हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि शेष हितग्राहियों की सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की चयनित ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों के वार्ड कार्यालयों में वीएलई के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए हितग्राही आसानी से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने यह भी बताया कि जिन हितग्राहियों के आधार से संबंधित त्रुटियां थीं, उनका निराकरण राज्य स्तर पर ऑटो करेक्शन के माध्यम से कर दिया गया है। अब किसी भी हितग्राही को त्रुटि सुधार के लिए परियोजना या जिला कार्यालय जाने अथवा आवेदन भरने की आवश्यकता नहीं है।
हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी के आधार पर कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपने नजदीकी शिविर में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें। यदि किसी का ई-केवाईसी रिजेक्ट हो जाता है, तो वे दो दिन बाद पुनः प्रयास करें, क्योंकि इस दौरान प्रोफाइल स्वतः अपडेट हो जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्रुटि सुधार केवल उन्हीं मामलों में किया जाएगा, जिनमें जेंडर (लिंग) संबंधी गलती पाई जाती है। जेंडर सुधार के बाद संबंधित हितग्राही को दोबारा ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराना अनिवार्य होगा।