महामाया तालाब में चला विशेष सफाई अभियान, 2 डंपर कचरा निकाला
नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने खुद संभाली कमान, 70–80 कर्मचारियों के साथ किया श्रमदान
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर आज नगर के कुलदेवी मां महामाया तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस अभियान में पालिका के लगभग 70–80 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया और सुबह 11 बजे तक तालाब एवं मंदिर परिसर के आसपास से करीब 2 डंपर कचरा निकालकर क्षेत्र को स्वच्छ किया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कर्मचारियों के साथ तालाब की सफाई में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। उन्होंने तालाब से कचरा निकालकर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन भी किया।
अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि महामाया तालाब से शहरवासियों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, ऐसे में उन्हें स्वच्छ और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में महामाया तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य भी कराया जाएगा। अभियान के दौरान पार्षद नीरज चंद्राकर, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चंद्राकर, सफाई सुपरवाइजर जीतू सोनी, मुंशी महेश कुमार, वीर कुमार, जीतेन्द्र सोनी, गोपाल सोना, मनोज कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
