खाद विक्रेताओं की बड़ी बैठक, समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
कमीशन बढ़ाने, लाइसेंस प्रक्रिया सरल करने और उत्पीड़न रोकने की मांग
11 मई तक होलसेल से खाद खरीद बंद करने का सामूहिक निर्णय
महासमुंद। महासमुंद ब्लॉक के खाद विक्रेता संघ द्वारा जिले के समस्त खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विक्रेताओं ने वर्तमान में आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और सर्वसम्मति से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।
बैठक के पश्चात संघ के अध्यक्ष जागेश्वर जुगनू चंद्राकर एवं सचिव ईश्वर पटेल के नेतृत्व में सभी सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर रवि साहू को ज्ञापन सौंपा गया।
समस्याओं और मांगों को रखते हुए कमीशन/मार्जिन में वृद्धि, लाइसेंस प्रक्रिया का सरलीकरण, अनावश्यक दबाव एवं उत्पीड़न पर रोक, व्यापार के लिए सुरक्षित वातावरण तथा खाद आपूर्ति व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में एक अहम निर्णय लेते हुए संघ ने घोषणा की कि महासमुंद ब्लॉक के सभी खाद विक्रेता आगामी 11 मई 2026 तक किसी भी होलसेलर से खाद की खरीद नहीं करेंगे। यह कदम समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से उठाया गया है।
इसके साथ ही 11 मई 2026 को महासमुंद जिले के सभी खाद होलसेलरों एवं विभिन्न कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें स्थायी समाधान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि विक्रेताओं और किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि खाद आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
