सिरपुर में कोसरिया यादव समाज का भव्य सम्मेलन, आदर्श विवाह और सम्मान समारोह आयोजित
विधायक द्वारिकाधीश यादव का भव्य स्वागत, गूंजे समाज के जयकारे
महासमुंद। ऐतिहासिक नगरी सिरपुर की धरती सोमवार को कोसरिया यादव समाज के जयकारों से गुंजायमान हो उठी। अवसर था कोसरिया यादव समाज महासभा के वार्षिक सम्मेलन, सम्मान समारोह एवं आदर्श विवाह कार्यक्रम का। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए, जिनका समाज के लोगों ने गर्मजोशी और भव्यता के साथ स्वागत किया।
यज्ञशाला परिसर पहुंचते ही विधायक द्वारिकाधीश यादव का समाज के युवाओं एवं वरिष्ठों ने गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया। फूलों की वर्षा और मालाओं से लादकर उन्हें भव्य जुलूस के रूप में मंच तक लाया गया। यह नजारा समाज की एकजुटता और अपने नेतृत्व के प्रति सम्मान को दर्शाता नजर आया।
शिक्षा और एकजुटता ही समाज की असली ताकत: विधायक
अपने संबोधन में विधायक द्वारिकाधीश यादव ने शिक्षा को समाज की प्रगति का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि जिस समाज के पास शिक्षा की शक्ति होती है, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने समाज द्वारा प्रदर्शित एकता और भव्य आयोजन की सराहना करते हुए फिजूलखर्ची छोड़ आदर्श विवाह को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
आदर्श विवाह और प्रतिभा सम्मान से बढ़ा समाज का गौरव
महासभा के इस आयोजन में कई जोड़ों का आदर्श विवाह संपन्न कराया गया, जिसे विधायक ने समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राधेलाल यादव, विनोद यादव, गज्जू यादव, रामानंद यादव, संजय यादव, भुवनेश्वर यादव, लक्ष्मण पटेल, किरण यदु, रिंकी यादव, कुसुम यादव, प्रमिला यादव, लक्ष्मी यादव सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
