विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन, जनगणना 2027 को लेकर ग्रामीणों को दी गई विस्तृत जानकारी
डिजिटल जनगणना और स्वगणना पर रहेगा जोर, तहसीलदार ने जनप्रतिनिधियों से किया व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान
महासमुंद। जिले भर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में ग्राम अचरीडीह में आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्रामीण जनगणना चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार जुगल किशोर पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए तहसीलदार ने जनगणना 2027 के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली को अपनाया जा रहा है, जिसमें स्वगणना की सुविधा भी प्रमुख रूप से शामिल है।
उन्होंने ग्रामीणों को स्वगणना के महत्व को समझाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना को लेकर जागरूकता फैलाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे। ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
