कार में अवैध शराब परिवहन: दो आरोपी गिरफ्तार, 5900 रुपए की शराब जब्त
स्विफ्ट कार से अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद
महासमुंद। कार में अवैध रूप से शराब परिवहन करने के मामले में बलौदा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम भुरसापाली रोड की ओर से एक सफेद रंग की कार में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर गुजरने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद सफेद रंग की स्विफ्ट कार (क्रमांक सीजी 06 एचएफ 5420) वहां पहुंची, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भोलाराम पटेल (32 वर्ष), निवासी मेडरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा सुरेंद्र चौधरी (38 वर्ष), निवासी खैरमाल, थाना सरायपाली बताया।
तलाशी लेने पर कार में रखे प्लास्टिक थैलों से 20 नग मैकडावल नंबर-01 अंग्रेजी शराब और 10 नग सिंबा बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कुल कीमत 5900 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
