बिजली कनेक्शन बहाली की मांग पर 27 अप्रैल से आमरण अनशन की चेतावनी
झूठी शिकायत के बाद कटा कनेक्शन, बार-बार आवेदन के बावजूद नहीं मिली राहत
महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 13 थामस गली निवासी आदिवासी एक परिवार का बिजली कनेक्शन बहाल नहीं होने पर पार्षद प्रतिनिधि जसमीत बादल मक्कड 27 अप्रैल 2026 से आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। इस संबंध में आवेदक द्वारा कलेक्टर को लिखित सूचना भी दी गई है। आवेदन के अनुसार, थामह गली निवासी रामअवतार ध्रुव का परिवार लंबे समय से उसी मकान में निवास कर रहा है और नियमित रूप से बिजली का उपयोग करता रहा है। लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत के बाद उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
परिवार का आरोप है कि उन्होंने नया कनेक्शन प्राप्त करने के लिए संबंधित विभाग में आवेदन भी किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक बिजली कनेक्शन बहाल नहीं किया गया है। इससे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदक ने बताया कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मजबूर होकर उन्होंने आमरण अनशन का रास्ता चुना है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही बिजली कनेक्शन बहाल नहीं किया गया, तो वे 27 अप्रैल से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।
इस मामले की सूचना कलेक्टर सहित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विद्युत विभाग और सिटी कोतवाली थाना महासमुंद को भी दी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और प्रभावित परिवार को कब तक राहत मिलती है।
