किराना दुकान की आड़ में बेच रहा था शराब, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
महासमुंद। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम आंवलाचक्का में एक व्यक्ति अपने किराना दुकान के पास बरामदे में अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोंदा किराना स्टोर्स में दबिश दी।
मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम वार्ड क्रमांक 08, आंवलाचक्का निवासी रति राम सिदार (56 वर्ष), पिता अंजोर सिंह सिदार बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20,040 रुपये मूल्य की 167 नग गोल्डन गोवा सुपीरियर अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
