मोबाइल विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम कोचर्रा में एक मामूली मोबाइल विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 दिसंबर 2025 को मोबाइल ले जाने को लेकर आरोपी रामकुमार यादव और उसके पुत्रों का पीड़ित प्रीतम ध्रुव से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच रामकुमार के नाबालिग पुत्र ने सब्जी काटने वाले चाकू से प्रीतम ध्रुव की पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रीतम ध्रुव को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में प्रार्थी भागीरथी ध्रुव की शिकायत पर थाना पिथौरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। आखिरकार 13 अप्रैल 2026 को पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी और दोनों अपचारी बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।