स्वर कोकिला आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि

दो मिनट का मौन रख दी गई श्रद्धांजलि
महासमुंद। देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर नगर पालिका उपाध्यक्ष कक्ष में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्मिता चंद्राकर, पूर्व नपा अध्यक्ष व पार्षद पवन पटेल सहित पार्षदगण सुभ्रा शर्मा, पियूष साहू, माखन पटेल, कल्पना सूर्यवंशी, धनेन्द्र चंद्राकर, विक्की, पूर्व जनपद अध्यक्ष बागबाहरा हितेष चंद्राकर, भाजपा नेता हनीश बग्गा, पूर्व पार्षद उषा पाल एवं आईटी सेल जिला सहप्रभारी नरेश नायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि स्वर कोकिला और सुरों की अमर साधिका आशा भोसले अपनी जादुई आवाज और मधुर यादों के माध्यम से करोड़ों दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उनका निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर ने बताया कि आशा जी को भारत सरकार द्वारा पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था तथा वे 20 से अधिक भाषाओं में पारंगत थीं। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्मिता चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने मातृ शक्ति का गौरव बढ़ाते हुए 12,000 से अधिक गीत गाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया और गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराया।