नगर विकास की राह पर: बजट में जनहित और आधुनिकता का समावेश : नीलमणि

सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाएं, ई-गवर्नेंस और सामाजिक योजनाओं से शहर को मिलेगी नई पहचान
महासमुंद। नगर के युवा नीलमणी साहू ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के रूप में सामने आया है। इस बजट में नगर के सौंदर्यीकरण से लेकर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तक विभिन्न योजनाओं को शामिल किया गया है, जिनका उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
बजट में शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण, संजय कानन उद्यान के उन्नयन तथा मुक्तिधामों के विकास जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। ये पहलें न केवल शहर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेंगी, बल्कि महासमुंद की पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेंगी।
नीलमणी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली, नागरिक सुविधा केंद्र और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण जैसी योजनाएं भी प्रस्तावित हैं। इनसे जहां एक ओर प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, वहीं दूसरी ओर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों के लिए निःशुल्क महतारी एक्सप्रेस सेवा और पशुओं के लिए निःशुल्क गौ सेवा रथ जैसी योजनाएं भी शामिल की गई हैं। इसके अलावा, अंतिम संस्कार के लिए निःशुल्क लकड़ी एवं कंडा उपलब्ध कराने की व्यवस्था जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
नगर के विकास को लेकर प्रस्तुत यह बजट वर्तमान नेतृत्व की दूरदर्शिता और जनहित की भावना को दर्शाता है। शहर में तेजी से हो रहे सकारात्मक बदलावों से यह स्पष्ट है कि महासमुंद एक आदर्श नगर बनने की दिशा में अग्रसर है। इस संबंध में नीलमणी साहू ने कहा कि अध्यक्ष निखिलकांत साहू के नेतृत्व में नगर पालिका द्वारा किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से महासमुंद आने वाले समय में एक विकसित और सशक्त नगर के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।