बजट में नयापारा समेत तीन वार्डों को विकास की बड़ी सौगात

नाली व पेवर ब्लॉक के लिए करोड़ों का प्रावधान
महासमुंद। नगर पालिका के वर्ष 2026-27 के बजट में शहर के वार्ड क्रमांक 4, 5 एवं 6 के लिए विकास की बड़ी सौगात दी गई है। वार्ड क्रमांक 4 नयापारा के पार्षद राहुल आवड़े ने इस पहल के लिए नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पार्षद राहुल आवड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि सोरिद रोड से तुमगांव रोड तक बड़ी नाली निर्माण के लिए 80 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 4 एवं 8 स्थित नयापारा अंबेडकर स्कूल में पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए 20 लाख रुपए बजट में शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बड़ी नाली के निर्माण से तीनों वार्डों से निकलने वाले गंदे पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित होगी, जिससे लंबे समय से बनी जलभराव और नाली जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाने से बच्चों को कीचड़ और गंदगी से निजात मिलेगी, जिससे उनकी सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार होगा। पार्षद आवड़े ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह बजट न केवल मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करेगा, बल्कि वार्ड की सुंदरता और स्वच्छता को भी नया आयाम देगा। उन्होंने नपाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत बजट को शहर के समग्र विकास और जनता के विश्वास पर खरा उतरने वाला बताया।