पिता ने बेटे से की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
महासमुंद। पारिवारिक विवाद के चलते पिता द्वारा अपने ही बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलसोंडा निवासी दुर्गेश कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से अपने माता-पिता से अलग रहकर पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा है। 10 अप्रैल की सुबह उसकी पत्नी ने बेटे को स्कूल के लिए देर होने पर डांट दिया था।
इसी बात से नाराज होकर उसके पिता सालिकराम साहू दोपहर करीब 3:30 बजे शराब के नशे में घर पहुंचे। नाती को डांटने की बात को लेकर उन्होंने गुस्से में आकर गाली- गलौज शुरू कर दी और अपने बेटे के साथ मारपीट कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
