मायके आने पर पति ने की पत्नी से मारपीट, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

महासमुंद। महिला के साथ उसके ही पति द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार मौहारीभांठा निवासी संतोषी सेन ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति तेजेंद्र कुमार सेन के साथ रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर में रहकर ब्यूटी पार्लर का कार्य करती है। 9 अप्रैल को वह अपने मायके महासमुंद आई हुई थी।
बताया गया कि 10 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे, जब वह रायपुर लौटने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान उसका पति नशे की हालत में वहां पहुंच गया। मायके आने की बात को लेकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर मारपीट करने लगा।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही।