मुक्तिधाम का बदलेगा स्वरूप, सौंदर्यीकरण व नवीन शेड निर्माण कार्य तेज़ी से जारी
नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
महासमुंद। शहर के भलेसर रोड स्थित मुक्तिधाम में अब जल्द ही आने वाले नागरिकों को एक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के विशेष प्रयासों से यहां सौंदर्यीकरण, गार्डनिंग और शवदाह के लिए नवीन शेड निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है।
रविवार को नपाध्यक्ष श्री साहू ने मुक्तिधाम पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील समय में आने वाले लोगों को बेहतर और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुक्तिधाम का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए शेड के निर्माण से विशेष रूप से बारिश के दिनों में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुक्तिधाम में हो रहे इन विकास कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
