सोलह प्रहरी हरिनाम यज्ञ में उमड़ी आस्था की लहर, जनपद सभापति प्रकाश हुए शामिल

कुदारीबाहरा में भव्य संकीर्तन आयोजन, ग्रामीणों संग बैठकर प्रसाद ग्रहण कर दिया समरसता का संदेश
महासमुंद। छत्तीसगढ़- ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम कुदारीबाहरा में सोलह प्रहरी हरिनाम संकीर्तन यज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन महाराज सदन तिवारी (कोमना, ओडिशा) के सान्निध्य में ग्रामवासियों, वैष्णव देवी मंदिर समिति एवं शिव मंदिर समिति के सहयोग से किया गया। आयोजन में जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि शशिकांत साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
ग्राम प्रमुखों एवं सरपंचों द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। पश्चात सभापति श्री सिन्हा ने विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और विविध धार्मिक अनुष्ठानों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने इसकी भव्यता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्री सिन्हा ने ग्रामवासियों के साथ जमीन पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जो सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बना। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर श्री सिन्हा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी सनातन संस्कृति को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का भी संचार करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में क्षेत्र के सरपंच प्रफुल्ल साहू, गुलाब साहू, गोपीचंद साहू एवं गोपेश डड़सेना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।