मिशन गाँव चलो अभियान: गांव-गांव तक संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस
जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव व विधायक चातुरी नंद ने बलौदा क्षेत्र में किया जनसंपर्क, बूथ-पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार तेज
महासमुंद। कांग्रेस के “मिशन गाँव चलो अभियान” के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव तथा सरायपाली विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क और संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान ग्राम बलौदा, अमेलडीह, खोखेपुर और सिरबोड़ा में पंचायत एवं बूथ कमेटियों का गठन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे संगठन की जमीनी मजबूती के संकेत मिले।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत गांव और किसान हैं। इस अभियान के माध्यम से हर गांव और बूथ तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है, ताकि आम जनता की आवाज को सशक्त मंच मिल सके और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
वहीं सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय और संगठित बनाना है। पंचायत और बूथ स्तर का मजबूत ढांचा ही कांग्रेस की वास्तविक ताकत है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवगठित कमेटियों को बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
भव्य स्वागत से गूंजा बलौदा क्षेत्र
बलौदा क्षेत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव और विधायक चातुरी नंद के आगमन पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, पारंपरिक वेशभूषा और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच क्षेत्रवासियों ने अपने जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास और समर्थन जताया। पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।
