बोर में नहाने पहुंचे व्यक्ति से मारपीट, दो आरोपी पर केस दर्ज
महासमुंद। ग्राम बिरकोनी के झिलमिली खार स्थित एक खेत में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बोर में नहाने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ दो लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरकोनी निवासी शंभु साहू ने पुलिस को बताया कि उसने अपना खेत बालाराम साहू और चम्मन साहू को रेगहा (बटाई) में दिया हुआ है। 10 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे वह अपने खेत स्थित बोर में नहाने और ब्रश करने पहुंचा था। इसी दौरान गांव के घनश्याम साहू और पवन साहू वहां पहुंचे और खेत में आने को लेकर विवाद करने लगे।
आरोपियों ने शंभु साहू से कहा कि जब खेत रेगहा में दे दिया गया है, तो वह वहां क्यों आता है। इस पर शंभु ने जवाब दिया कि खेत उसका अपना है और वह सिर्फ नहाने आया है। इसी बात पर पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बताया गया है कि इसके बाद आरोपियों ने शंभु साहू के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपने बोर के पास ले जाकर वहां भी बोर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए फिर से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों घनश्याम साहू और पवन साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
